March 5, 2026

आरंग-घूमराभाठा सड़क निर्माण में गुणवत्ता को लेकर विवाद, PWD पर गंभीर आरोप

आरंग। प्रदेश में लोक निर्माण विभाग (PWD) का सड़क निर्माण कार्य लगातार विवादों में है। ताजा मामला आरंग ब्लॉक का है, जहां 6.32 करोड़ रुपये की लागत से बन रही आरंग-घूमराभाठा सड़क के निर्माण में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है।

जानकारों के अनुसार, ठेकेदार तकनीकी नियमों की अनदेखी करते हुए पुरानी डामर सड़क को उखाड़े बिना उस पर मुरूम डालकर नया बेस तैयार कर रहा है। इससे सड़क की मजबूती प्रभावित होगी और पहली बारिश में धंसने का खतरा है।

ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण में इस्तेमाल हो रही मुरूम की गुणवत्ता बेहद खराब है, और योजना के अनुसार बनने वाली 10 नई पुलियों के बजाय पुरानी पुलियों की ही लीपा-पोती की जा रही है। इसके अलावा, नहर से किसानों के खेतों तक जाने वाली आपासी नालियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे सिंचाई संकट खड़ा हो सकता है।

विभागीय अधिकारियों की चुप्पी भी सवाल खड़े कर रही है। अनुविभागीय अधिकारी सत्येंद्र साहू और उप अभियंता टीआर साहू फोन तक नहीं उठा रहे। इससे आशंका है कि अधिकारियों के संरक्षण में ही गुणवत्ता समझौता किया जा रहा है।