रायपुर। आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गोढ़ी में सरपंच, सचिव और उपसरपंच ने मिलकर शासकीय जमीन का अवैध क्रय-विक्रय किया। ग्रामीणों की शिकायत के बाद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. मार्कण्डेय ने शनिवार को रायपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि इस अवैध खरीदी-बिक्री में तत्कालीन पंचायत सचिव, सरपंच और उपसरपंच की मिलीभगत है। उन्होंने बताया कि ग्राम गोढ़ी में पूर्व सरपंच गोपाल धीवर (वर्तमान कांग्रेस सेक्टर प्रभारी) और उनकी पत्नी ने गैर निवासी के नाम पर लगभग 4 एकड़ शासकीय भूमि को अवैध रूप से पंचायत में प्रस्तावित कराया।
इसके अलावा, अनुज मिश्रा (वार्ड क्र-12, मंदिरहसौद नगर पालिका) और प्रवीण सिंह (ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आरंग) द्वारा भी शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किया गया। डॉ. मार्कण्डेय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने अभी तक अपने पदाधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की और अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपराधियों का “प्रोडक्शन हाउस” बन चुकी है। उदाहरण देते हुए उन्होंने सूरजपुर और बलौदा बाजार की घटनाओं का जिक्र किया, जहां कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा की गई हिंसा और अपराधों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इस अवसर पर पत्रकार वार्ता में रायपुर ग्रामीण जिला प्रभारी सुरेन्द्र पाटनी और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल भी उपस्थित थे।





