आरंग। विकासखंड आरंग की ग्राम पंचायत गुज़रा में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। ग्राम पंचायत की सरपंच बिंदू बंजारे के खिलाफ उपसरपंच और पंचों द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं विहित प्राधिकारी आरंग ने प्रस्ताव पर चर्चा और मतदान के लिए 17 जून 2026 को विशेष सम्मेलन बुलाने का आदेश जारी किया है।
17 जून को होगी विशेष बैठक
जारी आदेश के अनुसार ग्राम पंचायत भवन गुज़रा में 17 जून 2026 को दोपहर 1 बजे पंचों का विशेष सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसी बैठक में सरपंच के खिलाफ प्रस्तुत अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा और मतदान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रशासन ने सरपंच बिंदू बंजारे को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। पंचायत सचिव को भी सभी निर्वाचित सदस्यों को समय पर सूचना देने के निर्देश जारी किए गए हैं।
वित्तीय अनियमितता समेत कई आरोप
उपसरपंच और पंचों ने पंचायत राज अधिनियम के तहत प्रस्तुत आवेदन में सरपंच पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत में पंचायत की लगभग 6 लाख रुपये की राशि के उपयोग में पारदर्शिता नहीं होने का आरोप लगाया गया है। पंचों का कहना है कि राशि निकासी के बावजूद संबंधित कार्यों की जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं कराई गई।
भाई के हस्तक्षेप का आरोप
प्रस्ताव में यह भी आरोप लगाया गया है कि पंचायत की बैठकों और निर्णय प्रक्रिया में सरपंच के भाई का अनुचित हस्तक्षेप रहता है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि संबंधित व्यक्ति न तो पंचायत क्षेत्र का निवासी है और न ही कोई निर्वाचित प्रतिनिधि।
पानी टैंकर और मोटर पंप भुगतान पर सवाल
पंचों ने आरोप लगाया है कि पेयजल आपूर्ति के लिए पानी टैंकर नहीं चलाए जाने के बावजूद टैंकर सप्लाई के नाम पर राशि आहरित की गई। इसके अलावा पुराने मोटर पंप और सिंटेक्स टंकी को नया निर्माण अथवा मरम्मत दर्शाकर भुगतान किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
अभिलेख नहीं दिखाने का आरोप
शिकायतकर्ताओं ने पंचायत के रिकॉर्ड और वित्तीय दस्तावेज देखने की मांग करने पर सरपंच और सचिव द्वारा सहयोग नहीं किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पंचायत अभिलेखों तक निर्वाचित पंचों की पहुंच सीमित की जा रही है।
तहसीलदार मंदिरहसौद होंगे पीठासीन अधिकारी
सम्मेलन की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने मंदिरहसौद तहसीलदार विनोद साहू को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया है। वे पूरी कार्यवाही की निगरानी करेंगे और अपनी रिपोर्ट कलेक्टर एवं एसडीएम कार्यालय को सौंपेंगे।
सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने मंदिरहसौद थाना प्रभारी को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बैठक के दौरान महिला एवं पुरुष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
अब पूरे क्षेत्र की नजर 17 जून को होने वाले मतदान पर टिकी है, जहां यह तय होगा कि सरपंच बिंदू बंजारे अपने पद पर बनी रहेंगी या अविश्वास प्रस्ताव के चलते उन्हें पद छोड़ना पड़ेगा।





