July 29, 2026

आरंग नगर पालिका में प्रशासन-जनप्रतिनिधियों के बीच टकराव, सीएमओ और अध्यक्ष आमने-सामने

आरंग। नगर पालिका परिषद आरंग में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच समन्वय की कमी अब खुलकर सामने आ गई है और यह मामला एक बड़े राजनीतिक-प्रशासनिक विवाद का रूप लेता जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) शीतल चंद्रवंशी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए रायपुर कलेक्टर को पत्र लिखकर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। वहीं सीएमओ ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें निराधार बताया है।

नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने आरोप लगाया है कि शासन और मंत्री के निर्देशों की अनदेखी की जा रही है तथा निर्वाचित परिषद को निर्णय प्रक्रिया से दूर रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि 08 मई को आयोजित समाधान शिविर में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने वार्ड क्रमांक 13 में अधूरे मिनी माता स्मृति भवन के निर्माण कार्य को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए थे, लेकिन कई सप्ताह बीत जाने के बाद भी न तो काम शुरू हुआ और न ही ठेकेदार पर कोई कार्रवाई की गई। इससे शासन की छवि पर असर पड़ रहा है।

अध्यक्ष ने बजट प्रक्रिया में देरी का भी मुद्दा उठाया है। उनके अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट नियमानुसार 31 मार्च तक प्रस्तुत होना था, जिसके लिए 16 मार्च को ही निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन यह बजट देरी से 27 अप्रैल को सामान्य सभा में पेश किया गया। इसके अलावा उन्होंने एएचपी (अफोर्डेबल हाउसिंग इन पार्टनरशिप) योजना के तहत आवास आवंटन प्रक्रिया को उनकी अनुपस्थिति में पूरा किए जाने को प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताया है।

वहीं दूसरी ओर सीएमओ शीतल चंद्रवंशी ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मिनी माता स्मृति भवन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है और वर्तमान में सेप्टिक टैंक स्लैब का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी ठेके को निरस्त करने की एक निर्धारित कानूनी प्रक्रिया होती है, जिसका पालन किया गया है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार बजट, टेंडर और आवास आवंटन जैसी प्रक्रियाओं में कई तकनीकी और वैधानिक चरण होते हैं, जिनके चलते समय-सीमा में बदलाव संभव है। इन सभी कार्यों को नियमों के दायरे में रहकर पूरा किया जा रहा है।

फिलहाल यह विवाद जिला प्रशासन के स्तर पर पहुंच गया है और कलेक्टर के निर्णय पर सबकी निगाहें टिकी हैं। इस टकराव के चलते नगर पालिका के विकास कार्यों पर असर पड़ने की आशंका भी जताई जा रही है।