March 3, 2026

आरंग न्यूज

आरंग : NH-53 पर भीषण सड़क हादसा: कार डिवाइडर और पोल से टकराई, तीन युवकों की मौत; एक गंभीर

आरंग। आरंग के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर स्थित पारागांव के समीप बीती रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक टाटा विस्ता (CG 04 HD 2156) अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे लगे पोल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।

रिश्तेदार को छोड़कर लौट रहे थे

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार चारों युवक महासमुंद अपने एक रिश्तेदार को छोड़ने गए थे। वापसी के दौरान पारागांव के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार के कारण कार पहले डिवाइडर से टकराई और उछलकर पोल से जा भिड़ी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

तीन की मौके पर मौत

हादसे में

  • हर्ष कुमार देवांगन (21 वर्ष), निवासी सरागांव थाना छुरा (हाल पता आरंग)
  • राहुल देवांगन (20 वर्ष), निवासी सरागांव थाना छुरा (हाल पता आरंग)
  • थानू सतनामी (22 वर्ष), निवासी ओड़का, आरंग

की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं मिथलेश धीवर (23 वर्ष), निवासी ब्लॉक कॉलोनी आरंग गंभीर रूप से घायल है। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

क्षेत्र में शोक की लहर

कम उम्र में तीन युवकों की मौत से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए।

पुलिस जांच में जुटी

आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।