July 23, 2026

NH-53 पर कंटेनर, यात्री बस और डायल-112 की भिड़ंत, बड़ा हादसा टला; हाईवे पर लगा लंबा जाम

आरंग। रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र में नेशनल हाईवे-53 पर मंदिर हसौद थाना के सामने बुधवार को कंटेनर, यात्री बस और पुलिस की डायल-112 पेट्रोलिंग वाहन के बीच भीषण त्रिकोणीय सड़क हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री या पुलिसकर्मी को गंभीर चोट नहीं आई।

जानकारी के मुताबिक, डायल-112 की टीम पलौद मोड़ की ओर नियमित पेट्रोलिंग कर वापस मंदिर हसौद थाना लौट रही थी। जैसे ही पुलिस वाहन हाईवे से मुड़कर थाना परिसर की ओर जाने लगा, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक भारी कंटेनर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कंटेनर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।

इसी दौरान कंटेनर के पीछे चल रही किरण ट्रेवल्स की यात्री बस (CG 06 HB 9519) भी अनियंत्रित होकर कंटेनर के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। हादसे के समय बस में यात्री सवार थे। अचानक हुए जोरदार झटके से बस के अंदर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई, हालांकि सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

हादसे में डायल-112 वाहन का अगला और साइड हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि इंजन को भी भारी नुकसान पहुंचा। वहीं यात्री बस का फ्रंट बंपर और विंडशील्ड टूट गई। कंटेनर का पिछला हिस्सा और बॉडी भी क्षतिग्रस्त हो गई।

हाईवे पर लगा लंबा जाम

दुर्घटना मंदिर हसौद थाना के सामने होने के कारण पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। हादसे के बाद नेशनल हाईवे-53 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। पुलिस ने सभी यात्रियों और वाहन चालकों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया और यातायात को सामान्य कराया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है।