आरंग।
रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम पारागांव में महानदी किनारे एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका के शरीर पर चोट के गहरे निशान मिले हैं, जिससे शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान पारागांव निवासी रुक्मणी सोनवानी (36 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनके पति का पहले ही निधन हो चुका था। सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर से फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। सूत्रों के मुताबिक, शव के पास से कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जो आरोपियों तक पहुंचने में मददगार साबित हो सकते हैं। मृतका के शरीर पर मिले चोट के निशान इस बात की ओर संकेत कर रहे हैं कि मौत से पहले उसके साथ मारपीट या संघर्ष हुआ था।
पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और समय का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतका के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि रुक्मणी सोनवानी को आखिरी बार किसके साथ देखा गया था और किसी से उनकी कोई रंजिश तो नहीं थी। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।





