September 4, 2026

Arjun Rampal Wedding: अर्जुन रामपाल ने गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स से की शादी, गोवा में रजिस्टर कराया विवाह

Arjun Rampal Wedding: बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल ने शुक्रवार को गोवा में अपनी लंबे समय से पार्टनर गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स से शादी कर ली। दोनों ने गोवा के मापुसा स्थित सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी का रजिस्ट्रेशन कराया और जरूरी औपचारिकताएं पूरी कीं।

गोवा में पूरी की शादी की कानूनी प्रक्रिया

अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला शुक्रवार शाम करीब 4 बजे कैजुअल कपड़ों में रजिस्ट्रार ऑफिस पहुंचे। बताया गया कि स्थानीय कानून के तहत पहले और दूसरे हस्ताक्षर के बीच जरूरी 15 दिनों की अवधि को कम करने के लिए दोनों ने स्थानीय अदालत के असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर से विशेष अनुमति ली थी।

सब-रजिस्ट्रार सूरज वर्नेकर ने पुष्टि की कि शादी राज्य के यूनिफॉर्म सिविल कोड के तहत रजिस्टर की गई है। शादी का आधिकारिक सर्टिफिकेट 15 दिनों के बाद जोड़े को दिया जाएगा।

2018 से साथ हैं अर्जुन और गैब्रिएला

गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स दक्षिण अफ्रीकी नागरिक हैं और मॉडल एवं फैशन डिजाइनर हैं। अर्जुन और गैब्रिएला के रिश्ते की शुरुआत 2018 के आखिर में हुई थी। यह अर्जुन के अपनी पहली पत्नी मेहर जेसिया से अलग होने की घोषणा के कुछ महीनों बाद की बात थी।

दोनों फिलहाल पणजी के पास सुक्कोरो गांव में रह रहे हैं। साल 2019 में उनके पहले बेटे अरिक का जन्म हुआ, जबकि 2023 में दोनों दूसरे बेटे अरिव के माता-पिता बने।

पिछले साल दिसंबर में रिया चक्रवर्ती के पॉडकास्ट में अर्जुन रामपाल ने गैब्रिएला के साथ अपनी सगाई की पुष्टि की थी।

मेहर जेसिया से 2019 में हुआ तलाक

अर्जुन रामपाल और मेहर जेसिया का तलाक 2019 में फाइनल हुआ था। दोनों अपनी दो बेटियों माहिका और मायरा की परवरिश मिल-जुलकर कर रहे हैं।

फिल्मों को लेकर भी चर्चा में हैं अर्जुन

वर्कफ्रंट की बात करें तो अर्जुन रामपाल हाल ही में फिल्म ‘सतलुज’ में नजर आए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार के निर्देशों के बाद इस फिल्म को ZEE5 से हटा दिया गया था।

इसके अलावा अर्जुन रामपाल ‘धुरंधर’ फ्रैंचाइजी में मेजर इकबाल के किरदार को लेकर भी चर्चा में रहे हैं।