September 6, 2026

अरुण पन्नालाल की गिरफ्तारी पर सियासत तेज, अजय चंद्राकर बोले- धर्मांतरण रैकेट की हो जांच; कांग्रेस ने BJP पर साधा निशाना

रायपुर। भगवान शिव पर अभद्र टिप्पणी के मामले में छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने गिरफ्तारी को महज एक घटना बताते हुए अरुण पन्नालाल की कथित गतिविधियों की विस्तृत जांच की मांग की है। वहीं कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने गिरफ्तारी को लेकर बजरंग दल और RSS पर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया है।

अजय चंद्राकर बोले- धर्मांतरण के रैकेट की हो जांच

अजय चंद्राकर ने कहा कि अरुण पन्नालाल की गिरफ्तारी तो एक घटना मात्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण के बड़े रैकेट की जांच की आवश्यकता है और अरुण पन्नालाल की पूरी हिस्ट्री खंगाली जानी चाहिए।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अरुण पन्नालाल कब धर्मांतरित हुए, उन्हें किन-किन संस्थाओं से पैसा मिला, उस राशि का इस्तेमाल कहां किया गया और उनकी आजीविका का स्रोत क्या है, इन सभी पहलुओं की प्रशासन को जांच करनी चाहिए।

पूर्व मंत्री ने विदेशी फंडिंग की भी जांच की मांग करते हुए कहा कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।

कांग्रेस ने बजरंग दल और RSS पर लगाया माहौल बिगाड़ने का आरोप

अरुण पन्नालाल की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने भाजपा और हिंदू संगठनों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बजरंग दल और RSS के लोग माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस ने इसकी निंदा करते हुए सरकार से आत्मावलोकन करने की बात कही।

शुक्ला ने कहा कि धर्म स्वातंत्र्य विधेयक को लेकर लोगों को उकसाकर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान सभी लोगों का है और यहां संत-महात्माओं का सम्मान किया जाता है।

कांग्रेस जिलाध्यक्षों की रैंकिंग पर भी वार-पलटवार

कांग्रेस के जिलाध्यक्षों को पार्टी हाईकमान की ओर से रैंकिंग दिए जाने की चर्चाओं पर भी अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास अभी समय नहीं है और वे सोशल मीडिया पर पेट्रोलियम गाड़ी का ढक्कन खोलने-बंद करने में व्यस्त हैं।

अजय चंद्राकर ने कांग्रेस जिलाध्यक्षों की रैंकिंग की खबर को फर्जी बताते हुए कहा कि कांग्रेस के पास न कोई कार्यक्रम है, न उद्देश्य और न ही विजन। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी अपने कैडर को व्यस्त रखने के लिए इस तरह की गतिविधियां करती रहती है।

सुशील आनंद शुक्ला का पलटवार

अजय चंद्राकर के बयान पर सुशील आनंद शुक्ला ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में अजय चंद्राकर को दूध में मक्खी की तरह निकाल दिया गया है, इसलिए वे उलूल-जुलूल बातें करते हैं।

उन्होंने E20 पेट्रोल के मुद्दे को आम जनता की समस्या बताते हुए कहा कि अजय चंद्राकर को यह मुद्दा इसलिए खराब लग रहा है, क्योंकि उनकी आंखों पर चाटुकारिता की पट्टी बंधी हुई है। शुक्ला ने भाजपा के कैडर बेस पार्टी होने के दावे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अब पार्टी में कैडर ही नहीं बचा है।

कमिश्नरेट प्रणाली पर अजय चंद्राकर ने दिया सुझाव

रायपुर में कमिश्नरेट प्रणाली लागू किए जाने को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के पत्र पर अजय चंद्राकर ने कहा कि उन्होंने सांसद का पत्र पढ़ा है। नई व्यवस्था को पूरी तरह स्थापित होने में समय लगेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि रायपुर को अलग-अलग हिस्सों में नहीं बांटना चाहिए और कमिश्नर प्रणाली के तहत पूरे शहर को रखा जाना चाहिए।

कांग्रेस बोली- सरकार की विफलता की उपज है कमिश्नरेट प्रणाली

कमिश्नरेट प्रणाली को लेकर अजय चंद्राकर के बयान पर सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि यह व्यवस्था राज्य सरकार की विफलता की उपज है। उन्होंने आरोप लगाया कि कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद अपराधों में कमी नहीं आई है और पुलिस ने एफआईआर लिखना तक बंद कर दिया है।

शुक्ला ने कहा कि कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद भी अपराधों पर अंकुश नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दोनों नेताओं के इस बात से सहमत है कि कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद इसके सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आए हैं।