रायपुर। कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक में 2 मिनट वंदे मातरम् गाने का प्रस्ताव पारित होने को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि CWC में लाया गया यह प्रस्ताव देश के साथ धोखा है और कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती रही है।
अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस मुस्लिम लीग के रास्ते पर चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति मुस्लिम परस्ती पर आधारित रही है और CWC के प्रस्ताव ने एक बार फिर उसकी तुष्टिकरण की राजनीति को प्रमाणित कर दिया है।
कांग्रेस नेता के अधिकारी से गाली-गलौच पर भी साधा निशाना
अभनपुर में कांग्रेस नेता के अधिकारी से गाली-गलौच वाले वायरल वीडियो को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में कानून को अपने हाथ में लेना बड़ा नैतिक अपराध है। अधिकारियों के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है और ऐसे मामलों में कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में अधिकारियों पर दबाव बनाकर काम कराया जाता रहा होगा। अरुण साव ने आरोप लगाया कि इसी तरह की धमकी और दबाव की वजह से कांग्रेस के कई साथी आज जेल में हैं।
‘कांग्रेस मुद्दाविहीन, भाषा और काम का स्तर गिरा’
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज मुद्दाविहीन हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की भाषा और उनके काम का स्तर लगातार नीचे जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि यदि कांग्रेस की यही स्थिति बनी रही तो वह अपना राजनीतिक अस्तित्व भी नहीं बचा पाएगी।
‘भाजपा में नहीं कोई कुर्सी की लड़ाई’
सोशल मीडिया पर कांग्रेस के ‘कुर्सी दंगल’ वाले पोस्ट को लेकर अरुण साव ने कहा कि कुर्सी की लड़ाई कांग्रेस में चल रही है, भाजपा में ऐसी कोई स्थिति नहीं है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भाजपा के नेता हैं और सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक-एक गारंटी को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। अरुण साव ने कहा कि भाजपा में किसी तरह की कुर्सी की लड़ाई नहीं है, जबकि कांग्रेस नेताओं के बीच विवाद सार्वजनिक रूप से दिखाई दे रहा है।
शराब घोटाले में ED की कार्रवाई जांच का हिस्सा
कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के करीबियों के ठिकानों पर ED की कार्रवाई को लेकर अरुण साव ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय शराब घोटाले की जांच कर रहा है। उन्होंने कहा कि संबंधित लोगों के खिलाफ हो रही कार्रवाई जांच की प्रक्रिया का हिस्सा है।
गौठान मामले पर कांग्रेस से मांगा जवाब
गौठान को लेकर कांग्रेस के बयान पर उप मुख्यमंत्री ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय गौठान के नाम पर भ्रष्टाचार हुआ था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस पर जवाब देना चाहिए।
अरुण साव ने कहा कि वर्तमान सरकार गौ धाम योजना पर तेज गति से काम कर रही है और इसे आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
अधिकारियों के सोशल मीडिया से जुड़ने पर बोले- ‘अब सोशल मीडिया का जमाना’
विभागीय अधिकारियों के GEN Z और सोशल मीडिया से जुड़ने को लेकर अरुण साव ने कहा कि अब सोशल मीडिया का दौर है। सरकार और विभागों के काम की जानकारी जनता तक समय पर पहुंचना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जनता तक सरकारी योजनाओं और विभागीय गतिविधियों की जानकारी तेजी से पहुंचाने के लिए अधिकारियों और विभागों को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना चाहिए।





