May 14, 2026

पीडब्ल्यूडी की बैठक में अरुण साव सख्त, सड़कों के काम में तेजी और गुणवत्ता के निर्देश

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने आज विभागीय मुख्य अभियंताओं की बैठक लेकर राज्य में चल रहे सड़कों और पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। यह बैठक नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में आयोजित की गई।

बैठक के दौरान अरुण साव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रशासकीय स्वीकृति के बाद सभी परियोजनाओं की तकनीकी स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया को तेजी से पूरा कर कार्य जल्द शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी मुख्य अभियंता कार्यालयों को कॉर्पोरेट दफ्तरों की तरह दक्षता और परिणाम केंद्रित तरीके से काम करना होगा।

उप मुख्यमंत्री ने विभाग की कार्य संस्कृति में बदलाव पर जोर देते हुए कहा कि फील्ड से लेकर कार्यालय स्तर तक गति और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की नियमित निगरानी करने और खराब होने पर संबंधित ठेकेदारों से तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर अधिकारियों पर कार्रवाई भी की जाएगी।

अरुण साव ने यह भी कहा कि सभी मुख्य अभियंता स्वयं फील्ड में जाकर प्राथमिकता वाले कार्यों का साप्ताहिक निरीक्षण करें। उन्होंने कलेक्टरों के साथ समन्वय कर भू-अर्जन प्रक्रिया को तेज करने और ब्लैक स्पॉट्स को जल्द खत्म करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि लंबे समय से लंबित कार्य विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं, इसलिए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी, अपर सचिव एसएन श्रीवास्तव सहित सभी परिक्षेत्रों और राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग के मुख्य अभियंता मौजूद रहे।