रायपुर। प्रदेश में लगातार बारिश के बाद जलभराव की स्थिति को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बारिश से किसानों को राहत मिली है, लेकिन कांग्रेस इसे भी स्वीकार नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि अधिक बारिश होने पर कुछ स्थानों पर जलभराव स्वाभाविक है और प्रशासन हालात सामान्य करने के लिए पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है।
चिंतन शिविर से नीति निर्माण को मिलेगा लाभ
मीडिया से चर्चा के दौरान अरुण साव ने कहा कि चिंतन शिविर में देशभर के विशेषज्ञों, केंद्र सरकार के अधिकारियों, नीति आयोग के प्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों के जानकारों ने मार्गदर्शन दिया। शासन व्यवस्था, योजनाओं के निर्माण और प्रशासनिक कार्यप्रणाली जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई, जिससे राज्य सरकार को नीति निर्धारण में लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती, कम लागत वाली कृषि, रासायनिक खेती के दुष्प्रभाव और पर्यटन विकास जैसे विषयों पर भी गहन मंथन किया गया। इससे प्रदेश के विकास और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कांग्रेस पर साधा निशाना
चिंतन शिविर को लेकर कांग्रेस की आलोचना पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में रहते समय भ्रष्टाचार में व्यस्त रहती है और विपक्ष में आने के बाद केवल आलोचना करती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनहित और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देकर कार्य कर रही है, जबकि कांग्रेस सकारात्मक पहलुओं को भी राजनीतिक नजरिए से देखती है।
जल जीवन मिशन के भुगतान पर सरकार का जवाब
जल जीवन मिशन के भुगतान में देरी को लेकर ठेकेदारों के विरोध प्रदर्शन पर अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य मद से भी राशि उपलब्ध कराकर भुगतान किया है। केंद्र सरकार की नई व्यवस्था के तहत भी भुगतान की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में ठेकेदारों का भुगतान हो चुका है और शेष मामलों में प्रक्रिया तेज की जा रही है।
मेडिकल कॉलेज को लेकर भूपेश बघेल पर सवाल
नए मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा उठाए गए सवालों पर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस को पहले यह बताना चाहिए कि अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में मेडिकल कॉलेज का निर्माण पूरा क्यों नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार ने केवल शिलान्यास और श्रेय लेने की राजनीति की।
वीबी जीरामजी योजना पर कांग्रेस को घेरा
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को पहले स्पष्ट करना चाहिए कि वह वीबी जीरामजी योजना के समर्थन में है या विरोध में। उनके अनुसार यह योजना मजदूरों के हित, रोजगार सृजन और पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मानसून सत्र के लिए सरकार तैयार
विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को लेकर अरुण साव ने कहा कि सरकार पूरी तैयारी के साथ सदन में जाएगी। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए सरकार तैयार है और जनहित के मुद्दों पर प्रभावी ढंग से अपनी बात रखेगी।





