July 23, 2026

अरुण साव का कांग्रेस पर हमला: NEET, UCC, स्मार्ट मीटर और CAG रिपोर्ट पर घेरा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सोमवार को नीट परीक्षा विवाद, यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC), स्मार्ट मीटर, बिजली बिल, स्थानीय निकायों की CAG रिपोर्ट और विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विभिन्न मुद्दों पर जनता को भ्रमित कर सरकार की छवि खराब करने का प्रयास कर रही है।

NEET विवाद पर कांग्रेस पर साधा निशाना

नीट परीक्षा विवाद और युवाओं के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण साव ने कहा कि सरकार ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए दोबारा परीक्षा आयोजित कराई। इसके बावजूद विपक्ष सरकार को बदनाम करने और देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन वह अपने प्रयासों में सफल नहीं होगा।

‘UCC से आदिवासी समाज के अधिकार प्रभावित नहीं होंगे’

यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कई बार स्पष्ट कर चुकी है कि UCC से आदिवासी समाज के अधिकारों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि संविधान की भावना के अनुरूप प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली समिति लोगों से सुझाव लेकर अपना मसौदा सरकार को सौंपेगी।

स्मार्ट मीटर और बिजली बिल पर दिया जवाब

बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस के विरोध पर अरुण साव ने कहा कि स्मार्ट मीटर आधुनिक तकनीक का हिस्सा हैं। उनके मुताबिक कांग्रेस इस मुद्दे पर अनावश्यक राजनीति कर रही है और जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।

‘विकास में कोई भेदभाव नहीं’

विपक्षी विधायकों के क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए राशि नहीं मिलने के आरोपों को खारिज करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा विकास की राजनीति करती है। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार पूरे छत्तीसगढ़ के संतुलित और समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है तथा किसी क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा।

भ्रष्टाचार के आरोपों को बताया निराधार

संसद में विपक्ष द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ कोई ठोस तथ्य प्रस्तुत नहीं कर सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल राज्य सरकार की छवि खराब करने का प्रयास कर रहा है, जबकि प्रदेश में सुशासन की सरकार काम कर रही है।

भूपेश-टीएस की नजदीकियों पर तंज

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के एक साथ नजर आने पर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस में कब मतभेद होंगे और कब मेल-मिलाप होगा, यह कोई नहीं जानता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास न स्पष्ट नीति है, न नीयत और न ही नेतृत्व।

CAG रिपोर्ट का भी किया जिक्र

स्थानीय निकायों से जुड़ी CAG रिपोर्ट पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल की कार्यशैली जनता देख चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति विकास के बजाय सत्ता और परिवार तक सीमित रही है।