रायपुर। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आज रायपुर के नेताजी सुभाष स्टेडियम में स्वर्गीय कुलदीप निगम की स्मृति में आयोजित खेल मड़ई के अंतर्गत इंटर प्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन किया।
रायपुर प्रेस क्लब के इस आयोजन का उद्देश्य पत्रकार साथियों को व्यस्त दिनचर्या से कुछ समय निकालकर खेलों से जोड़ना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। उद्घाटन अवसर पर पहला मैच संपादकों और प्रेस क्लब के पूर्व पदाधिकारियों की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने उद्घाटन के बाद मैदान में उतरकर बल्ला थामते हुए क्रिकेट खेला, जिससे आयोजन का उत्साह और बढ़ गया। उन्होंने कहा,
“खेलों का हमारे जीवन में बड़ा महत्व है और अच्छे स्वास्थ्य के लिए नियमित रूप से खेलना बेहद जरूरी है। पत्रकार साथियों का खेलों के प्रति उत्साह काबिले-तारीफ है।”
उन्होंने रायपुर प्रेस क्लब के सभी पदाधिकारियों, आयोजकों और प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों को शुभकामनाएं दी।





