रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय होने के बाद लगातार हो रही बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है। कई क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए स्कूलों को बंद करने के आदेश भी जारी किए जा रहे हैं। हालात को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों और संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बारिश के कारण यदि किसी भी क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति बनती है तो प्रभावित और जरूरतमंद लोगों तक तत्काल राहत एवं सहायता पहुंचाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
एक दिवसीय दिल्ली प्रवास पर जाएंगे CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने दिल्ली दौरे को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि वह बुधवार रात दिल्ली के लिए रवाना होंगे। यहां विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मांझी, चालकी और मुड़िया जनजाति के प्रतिनिधियों की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात होगी। मुख्यमंत्री साय भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
गुरु पूर्णिमा पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। रायगढ़ दौरे पर रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि वह हर वर्ष बनोरा आश्रम पहुंचकर पूज्य बाबा का आशीर्वाद लेते हैं।
उन्होंने कहा कि इस पावन स्थल पर पिछले 30 वर्षों से अधिक समय से संत नारायण तपस्या में लीन हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि वह उनका भी आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
मुख्यमंत्री आज रायगढ़ दौरे पर रहेंगे, जहां विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।





