जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर में एटीएम चोरी का एक बड़ा प्रयास सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र के नगर बाजार स्थित एक एटीएम को बदमाशों ने रविवार रात उखाड़कर उसमें रखी नकदी लूटने की कोशिश की। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था के चलते आरोपी कैश बॉक्स से रकम निकालने में सफल नहीं हो सके और उसे सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।
एटीएम उखाड़कर कैश निकालने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, बदमाश पूरी तैयारी के साथ एटीएम तक पहुंचे और मशीन को उखाड़ दिया। इसके बाद उन्होंने कैश बॉक्स खोलकर रकम निकालने का प्रयास किया, लेकिन काफी मशक्कत के बावजूद सफलता नहीं मिली। अंततः आरोपी कैश बॉक्स को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्ध कैमरे में कैद हुए हैं, जिनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल आरोपियों की संख्या का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।





