अंबिकापुर। शहर के गुदरी चौक स्थित निजी लक्ष्मी नारायण अस्पताल पर इलाज के नाम पर मरीज के परिजनों से लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अस्पताल संचालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों से कहा कि मरीज का आयुष्मान कार्ड ब्लॉक हो गया है, इसलिए इलाज के लिए नकद भुगतान करना होगा। इस आधार पर अस्पताल ने परिजनों से 1 लाख 60 हजार रुपये नकद वसूल लिए।
पीड़ित का आरोप है कि बाद में जानकारी जुटाने पर पता चला कि अस्पताल ने उसी इलाज के लिए आयुष्मान भारत योजना के तहत भी 1.50 लाख रुपये से अधिक का क्लेम किया। आरोप है कि अस्पताल ने एक ही उपचार के लिए परिजनों से नकद राशि लेने के साथ-साथ सरकारी योजना से भी भुगतान प्राप्त किया।
अस्पताल प्रबंधन पर बिल नहीं देने का आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि लाखों रुपये लेने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने इलाज का कोई बिल या रसीद उपलब्ध नहीं कराई। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या अस्पताल ने इसी तरह अन्य मरीजों के साथ भी फर्जीवाड़ा किया है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





