रायपुर। राज्य शासन ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी बद्रीनारायण मीणा को बस्तर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया है। इस संबंध में गृह (पुलिस) विभाग ने बुधवार को आदेश जारी किया।
जारी आदेश के अनुसार, वर्तमान में पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर के पद पर पदस्थ बद्रीनारायण मीणा को अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, जगदलपुर के पद पर पदस्थ किया गया है।

राज्य सरकार के इस प्रशासनिक निर्णय के बाद मीणा बस्तर संभाग की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी संभालेंगे। बस्तर रेंज प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण पुलिस इकाइयों में से एक मानी जाती है, क्योंकि यह क्षेत्र नक्सल प्रभावित इलाकों में शामिल है।
गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक यह पदस्थापना आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी। बस्तर रेंज में उनकी नियुक्ति को सुरक्षा और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





