March 3, 2026

गृहग्राम बगिया में धूमधाम से मना मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 62वां जन्मदिवस, माता के चरण स्पर्श कर लिया आशीर्वाद

रायपुर/बगिया। विष्णुदेव साय का 62वां जन्मदिवस उनके गृहग्राम बगिया में अत्यंत उत्साह, आत्मीयता और पारिवारिक स्नेह के वातावरण में मनाया गया। अपने गृहनिवास पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने सबसे पहले अपनी माता जसमनी देवी के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस भावुक क्षण ने पूरे आयोजन को पारिवारिक और संस्कारपूर्ण स्वरूप प्रदान किया।

दिनभर मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके निवास पर पहुंचे और उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने सभी के स्नेह और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनस्नेह ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।

श्री राम सदन में सत्यनारायण व्रत कथा

इस विशेष अवसर पर बगिया स्थित श्री राम सदन में सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उनकी माताजी जसमनी देवी, धर्मपत्नी कौशल्या साय एवं परिवार के अन्य सदस्यों ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ व्रत कथा का श्रवण किया।

पूजा-अर्चना के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान के कारण आयोजन स्थल पर आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।

लोगों में दिखा खास उत्साह

मुख्यमंत्री के आगमन से पहले ही उनके गृहग्राम बगिया स्थित निवास पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए थे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों में उनसे भेंट करने और शुभकामनाएं देने को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।

इस अवसर पर विधायक गोमती साय एवं रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत सदस्य कृष्ण कुमार राय सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

छात्राओं को 15 क्रिकेट किट भेंट

मुख्यमंत्री ने शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास, इचकेला की प्रतिभाशाली छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए 15 क्रिकेट किट प्रदान कीं। इन छात्राओं ने क्रिकेट प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

मुख्यमंत्री ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे अनुशासन, लगन और मेहनत के साथ निरंतर आगे बढ़ें और अपने प्रदर्शन से राज्य व देश का नाम रोशन करें।

पहाड़ी कोरवा समाज ने दी शुभकामनाएं

बगीचा से आए विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय पहाड़ी कोरवा समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से सौजन्य भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। वे पारंपरिक वेशभूषा और तीर-धनुष के साथ पहुंचे, जिससे उनकी सांस्कृतिक पहचान की झलक देखने को मिली।

मुख्यमंत्री ने उनसे आत्मीय संवाद करते हुए उनके क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों की जानकारी ली। समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत उनके गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है, जिससे जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का यह जन्मदिवस समारोह न केवल पारिवारिक स्नेह और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक समरसता और विकास के संकल्प को भी मजबूत करने वाला अवसर साबित हुआ।