July 23, 2026

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल को राष्ट्रीय जैव प्रौद्योगिकी पार्क योजना समिति में मिली अहम जिम्मेदारी

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी) रायपुर के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल को भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग (DBT) द्वारा गठित राष्ट्रीय जैव प्रौद्योगिकी पार्क योजना की स्टीयरिंग सह प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। इस संबंध में मंत्रालय की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।

राष्ट्रीय जैव प्रौद्योगिकी पार्क योजना का उद्देश्य देश में जैव प्रौद्योगिकी आधारित उद्योगों, स्टार्टअप और अनुसंधान को प्रोत्साहित करना है। इस योजना के तहत विभिन्न राज्यों में अत्याधुनिक बायोटेक पार्क स्थापित किए जा रहे हैं, जिनके लिए केंद्र सरकार राज्यों के सहयोग से वित्तीय सहायता भी उपलब्ध करा रही है।

राष्ट्रीय स्तर पर गठित यह स्टीयरिंग सह प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग समिति विभिन्न राज्यों में प्रस्तावित बायोटेक पार्कों की परियोजना रिपोर्टों का परीक्षण एवं अनुमोदन करेगी। साथ ही इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी, प्रगति की नियमित समीक्षा, आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी भी समिति निभाएगी।

डॉ. गिरीश चंदेल को इस महत्वपूर्ण समिति में शामिल किए जाने से छत्तीसगढ़ को कृषि, जैव प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत प्रतिनिधित्व मिलेगा। उनकी विशेषज्ञता का लाभ देशभर में जैव प्रौद्योगिकी आधारित उद्योगों, स्टार्टअप, अनुसंधान परियोजनाओं और नवाचार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं के प्रभावी संचालन में मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

डॉ. चंदेल की नियुक्ति को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के कृषि एवं बायोटेक क्षेत्र के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे राज्य में अनुसंधान, नवाचार और जैव प्रौद्योगिकी आधारित निवेश को नई दिशा मिलने की संभावना है।