बालोद/बेमेतरा। छत्तीसगढ़ में हाईकोर्ट और जिला न्यायालयों को लगातार मिल रही धमकियों के बीच सोमवार को बालोद कोर्ट और बेमेतरा जिला न्यायालय परिसर को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी की सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। एहतियात के तौर पर सभी मजिस्ट्रेटों को सुरक्षित सर्किट हाउस पहुंचाया गया, जबकि अधिवक्ताओं और अन्य लोगों को कोर्ट परिसर से बाहर निकाल दिया गया।
फिलहाल बम स्क्वॉड की टीम परिसर में सघन जांच कर रही है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि इससे पहले 25 फरवरी को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके अलावा राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा और जगदलपुर के जिला न्यायालयों को भी इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि, अब तक की जांच में अधिकतर मामले अफवाह साबित हुए हैं।





