बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा में भाजपा पार्षद पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। वार्ड की समस्या नहीं सुनने की बात को लेकर तीन युवकों ने बीच रास्ते में पार्षद और उनके दोस्त को रोककर बेरहमी से मारपीट कर दी। इस हमले में पार्षद को गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 7 टीचर कॉलोनी राजहरा निवासी पार्षद वीरेन्द्र साहू अपने दोस्त हेमंत नेताम के साथ 11 मार्च की रात एक शादी समारोह से घर लौट रहे थे। इसी दौरान टीचर कॉलोनी ग्राउंड के पास तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने वार्ड की समस्याओं का निराकरण नहीं करने की बात कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और हाथ में पहने स्टील के कड़े (चूड़ा) से हमला कर दिया। हमले में पार्षद के नाक, आंख और गाल सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
इतना ही नहीं आरोपियों ने गमछे से पार्षद का गला दबाकर जान से मारने की भी कोशिश की। घटना के बाद घायल पार्षद और उनके दोस्त को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मामले में हेमंत नेताम की शिकायत पर राजहरा थाने में अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और साइबर सेल की मदद से तीनों आरोपियों को दुर्ग और धमतरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी
- दीपक यादव (33 वर्ष)
- अजीत सिंह (34 वर्ष)
- कैलाश साहू (38 वर्ष)
तीनों आरोपी वार्ड क्रमांक 7 टीचर कॉलोनी, राजहरा के निवासी हैं।





