बालोद। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक गंभीर ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक ने युवती को प्रेम जाल में फंसाकर उसका अश्लील वीडियो बनाया और फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग की।
जानकारी के अनुसार पीड़िता अपनी मौसी से वीडियो कॉल पर बातचीत कर रही थी, इसी दौरान आरोपी युवक ने अपनी भाभी के माध्यम से युवती का मोबाइल नंबर हासिल किया। इसके बाद करीब 15 दिनों तक दोनों के बीच बातचीत होती रही। जब युवती के पिता को इस बातचीत की जानकारी हुई, उन्होंने उसे समझाइश दी और आरोपी का नंबर ब्लॉक करवा दिया। लेकिन आरोपी युवक ने इंस्टाग्राम के जरिए पुनः युवती से संपर्क किया।
धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और युवक ने युवती को प्रेम जाल में फंसाकर वीडियो कॉल के दौरान कपड़े उतरवाकर उसका न्यूड वीडियो बनवा लिया। कुछ दिनों बाद उसने उक्त वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए युवती से 50 हजार रुपये की मांग की। डर के चलते पीड़िता ने ऑनलाइन माध्यम से 990 रुपये आरोपी को भेजे। इसके बाद जब युवती ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया।
वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलते ही पीड़िता थाने पहुंची और अपने मौसी के देवर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक महाराष्ट्र के पुणे का रहने वाला बताया जा रहा है।
एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति से निजी जानकारी या वीडियो साझा करने से बचें और ऐसी किसी भी घटना की तुरंत पुलिस को सूचना दें।





