बालोद। शादी सीजन के बीच जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बारातियों से भरी एक बस में अचानक आग लग गई। घटना बालोद जिले के पुरुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतरा मंदिर के पास की है, जहां देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी।
जानकारी के मुताबिक शर्मा ट्रेवल्स (CG 07 E 1171) की बस बारातियों को कांकेर जिले के अरौद गांव से लेकर बालोद जिले के बड़गांव जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में अचानक बस में आग लग गई।
बस में मौजूद लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।





