बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक युवती की जली हुई लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम चिचा की है, जहां गुरुवार सुबह गांव से करीब 200 मीटर दूर खेत किनारे ग्रामीणों ने जला हुआ शव देखा और पुलिस को सूचना दी।

मृतका की पहचान चिचा निवासी 22 वर्षीय लीलेश्वरी साहू के रूप में हुई है। कुछ ही देर में मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की। बताया जा रहा है कि युवती की शादी आगामी 1 अप्रैल को होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक घटना हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, साइबर क्राइम टीम, फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। एएसपी मोनिका ठाकुर भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गईं। मौके से युवती का मोबाइल फोन जली हुई हालत में बरामद हुआ है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गुंडरदेही भेज दिया है। एएसपी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का, लेकिन पुलिस हत्या के बाद शव जलाने की आशंका को ध्यान में रखते हुए हर एंगल से जांच कर रही है। कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।






