September 4, 2026

सिजेरियन डिलीवरी के दौरान भरथरी गायिका ने ऑपरेशन थिएटर में गाया गीत, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

बालोद। बालोद जिला मुख्यालय स्थित उम्मीद हॉस्पिटल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यहां सिजेरियन डिलीवरी के दौरान छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध भरथरी गायिका हेमलता पटेल ने ऑपरेशन थिएटर में गीत गाकर माहौल खुशनुमा कर दिया।

ऑपरेशन के दौरान गाया भरथरी गीत

जानकारी के अनुसार, हेमलता पटेल प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती हुई थीं। डॉक्टरों ने उनकी सिजेरियन डिलीवरी की प्रक्रिया शुरू की। ऑपरेशन से पहले उन्हें एनेस्थीसिया दिया गया और डॉक्टर अपनी प्रक्रिया में जुट गए।

इसी दौरान हेमलता पटेल ने ऑपरेशन थिएटर में ही भरथरी गीत गाना शुरू कर दिया। ऑपरेशन के बीच प्रसूता का इस तरह बेफिक्र होकर गीत गाना वहां मौजूद लोगों के लिए भी खासा दिलचस्प रहा।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

ऑपरेशन थिएटर में हेमलता पटेल के गीत गाने का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। लोग इस वीडियो को खूब पसंद कर रहे हैं और प्रसूता के आत्मविश्वास और सकारात्मक अंदाज की चर्चा कर रहे हैं।

जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ

बताया जा रहा है कि सिजेरियन डिलीवरी के बाद जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। ऑपरेशन थिएटर में गाया गया यह भरथरी गीत अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।