July 31, 2026

बालोद में सौतन की हत्या: घरेलू विवाद से तंग महिला ने सो रही दूसरी पत्नी की गला रेतकर की हत्या, गिरफ्तार

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नेवारीकला गांव में एक महिला ने अपनी सौतन की कथित रूप से धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार देर रात की है। आरोपी अमृत बाई साहू ने दूसरे कमरे में सो रही अपनी सौतन दया बाई साहू पर पहले खाट के पाये (खुले) से हमला किया। इसके बाद कथित रूप से धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। वारदात के बाद आरोपी खेत की ओर भाग गई।

पति ने दूसरे कमरे में देखा शव

रात करीब तीन बजे पति चिम्मन साहू की नींद खुली तो उसने देखा कि अमृत बाई कमरे में नहीं थी। दूसरे कमरे में जाकर देखा तो दया बाई खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थी। इसके बाद ग्रामीणों और कोटवार के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई।

पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार

सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर अमृत बाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसकी सौतन से आए दिन विवाद होता था और इसी से परेशान होकर उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।