बालोद। जिले की डौंडी नगर पंचायत में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सफाई कर्मचारी ने अपने दो साथी कर्मचारियों पर धारदार टंगिया से हमला कर दिया। हमले में रम्हू भुआर्य और प्रेमलाल भुआर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी कर्मचारी गिरवर देहारी को गिरफ्तार कर लिया है।
सब्जी मार्केट में सफाई करने पहुंचे थे कर्मचारी
जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार सुबह करीब 7 बजे की है। रम्हू भुआर्य और प्रेमलाल भुआर्य डौंडी के सब्जी मार्केट क्षेत्र में सफाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान नगर पंचायत में सफाई कर्मचारी के पद पर पदस्थ और ट्रैक्टर चलाने का काम करने वाला गिरवर देहारी हाथ में धारदार टंगिया लेकर वहां पहुंचा।
आरोप है कि गिरवर ने दोनों कर्मचारियों पर अचानक टंगिया से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

हमले से पहले उपाध्यक्ष से पूछा- आज बकरा खाएंगे क्या?
घटना के प्रत्यक्षदर्शी डौंडी नगर पंचायत के उपाध्यक्ष संजीव कुमार मानकर के मुताबिक, हमले से कुछ देर पहले आरोपी गिरवर उनके पास आया था। उसने उपाध्यक्ष से पूछा, “साहब, आज बकरा खाएंगे क्या?”
उपाध्यक्ष ने शनिवार होने की बात कहते हुए बकरा खाने से इनकार किया और उससे पूछा कि बकरा कहां कट रहा है। इस पर गिरवर ने कथित तौर पर बताया कि वह आज दो बकरे काट रहा है।
इसके कुछ ही मिनट बाद उसने दोनों सफाई कर्मचारियों पर टंगिया से हमला कर दिया। पुलिस अब आरोपी के इस बयान और हमले के बीच संबंध की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची। घायल दोनों कर्मचारियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं पुलिस ने आरोपी गिरवर देहारी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
राजहरा नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटलेय ने बताया कि डौंडी नगर में एक सफाई कर्मचारी ने दो अन्य सफाई कर्मचारियों पर टंगिया से हमला किया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।
हमले की वजह जानने में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है। आरोपी द्वारा घटना से पहले बकरा काटने की बात कहे जाने और उसके बाद हुए हमले को लेकर भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि गवाहों के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हमले की वजह और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।





