September 4, 2026

CG Dog Attack: बालोद में आवारा कुत्ते का आतंक, 13 लोगों को बनाया शिकार; 3 की हालत गंभीर

बालोद। जिले के डौंडीलोहारा नगर में एक आवारा कुत्ते के आतंक से लोगों में दहशत फैल गई है। अलग-अलग इलाकों में कुत्ते ने अचानक हमला कर 13 लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे नगर में डर का माहौल है।

अचानक लोगों पर करने लगा हमला

जानकारी के मुताबिक, आवारा कुत्ते ने डौंडीलोहारा के अलग-अलग स्थानों पर राह चलते लोगों पर अचानक हमला किया। कुत्ते के काटने से घायल सभी लोगों को तत्काल डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि घायलों में से तीन लोगों की हालत गंभीर है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।

इन तीन लोगों की हालत गंभीर

टिकरापारा निवासी 60 वर्षीय भगवती यादव किराना दुकान में काम करने के बाद घर लौट रही थीं, तभी कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया।

वहीं शशिकला संजय नगर स्थित शिव मंदिर में पूजा करने जा रही थीं। इसी दौरान कुत्ते ने उनके हाथ और पैर में काट लिया।

इसके अलावा 60 वर्षीय मानो बाई चिल्हाटीकला गांव से बैंक के काम से डौंडीलोहारा आई थीं। कुत्ते ने उन्हें भी काटकर घायल कर दिया। इन तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

आवारा कुत्तों पर कार्रवाई की मांग

एक ही कुत्ते द्वारा बड़ी संख्या में लोगों को घायल किए जाने के बाद नगर में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से आवारा कुत्तों को पकड़ने और तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो इस तरह की घटनाएं दोबारा हो सकती हैं। फिलहाल सभी घायलों का डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है।