बालोद। रॉन्ग नंबर के जरिए नाबालिग युवती से पहचान होने के बाद उसे ग्वालियर बुलाकर उसके साथ कथित तौर पर बार-बार दुष्कर्म करने के मामले में डौंडी पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी अजय प्रजापति को उसके ग्वालियर स्थित घर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की नाबालिग युवती से रॉन्ग नंबर के जरिए पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। आरोप है कि युवक ने नाबालिग को अपने शहर ग्वालियर बुलाया और वहां उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
घटना के बाद नाबालिग के परिजनों ने डौंडी थाने में उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और नाबालिग से जुड़ी जानकारी जुटाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के ग्वालियर स्थित घर पर होने की जानकारी मिली। इसके बाद डौंडी पुलिस की टीम ने ग्वालियर पहुंचकर आरोपी अजय प्रजापति को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।





