September 4, 2026

बालोद में सफाई कर्मचारियों के बीच विवाद, ट्रैक्टर चालक ने दो कर्मियों पर टंगिया से किया हमला; दोनों घायल

बालोद। बालोद जिले के डौंडी नगर पंचायत में सफाई के दौरान कर्मचारियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। विवाद इतना बढ़ गया कि ट्रैक्टर चालक गिरवर देवहारी ने दो सफाई कर्मचारियों पर कथित तौर पर टंगिया से हमला कर दिया। हमले में दोनों कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना डौंडी थाना क्षेत्र के बाजार चौक की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह सफाई कार्य के दौरान कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी गिरवर देवहारी ने रम्हू भुआर्य (50) और प्रेमलाल भुआर्य (45) पर टंगिया से हमला कर दिया। दोनों के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद घायलों को तत्काल डौंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है। फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है।

घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक गिरवर देवहारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।