बालोद। डौंडी थाना क्षेत्र के बंधिया पारा में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां 10वीं कक्षा में लगातार दो साल फेल होने से परेशान एक नाबालिग युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राजवीर बघेल (17 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, राजवीर पिछले दो वर्षों से 10वीं की परीक्षा में असफल हो रहा था। पहले वर्ष वह 6 विषयों में और इस वर्ष 5 विषयों में फेल हुआ था। लगातार असफलता के कारण वह मानसिक तनाव में था। बताया जा रहा है कि इसी दबाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
घटना की सूचना परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई, जिसके बाद डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। विशेषज्ञों का कहना है कि परीक्षा में असफलता जीवन का अंत नहीं होती, बल्कि इससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।





