May 16, 2026

बालोद में बड़ी कार्रवाई: गंदगी और मिठाइयों में चींटियां मिलने पर ‘दूध गंगा’ सील

बालोद: जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने “दूध गंगा” में अनियमितताओं की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री तैयार करने वाली जगह पर भारी गंदगी पाई गई। हालात देखकर कलेक्टर और एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से “दूध गंगा” को बंद करने के निर्देश दिए।

बताया जा रहा है कि यह केंद्र सहकारी समिति के माध्यम से संचालित होता है। निरीक्षण के दौरान मिठाइयों में चींटियां मिलने की पुष्टि भी हुई, जिससे प्रशासन सख्त हो गया।

कलेक्टर ने सभी खाद्य उत्पादों के सैंपल जांच के लिए लेने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि खाद्य विभाग की मॉनिटरिंग में कमी के कारण इस तरह की स्थिति सामने आई है। अब इस पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और संचालकों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।