बालोद। जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। खैरडीह गांव के पास कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने भिड़ंत से यह भीषण दुर्घटना हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान तरुण कुमार यादव (20 वर्ष), राहुल सेवता (20 वर्ष) — दोनों सीर्राभाठा निवासी — और नरेंद्र भुआर्य (21 वर्ष) निवासी मुड़खुसरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार दल्लीराजहरा से राजनांदगांव की ओर जा रही थी, जबकि बाइक सवार देवरी से डौंडीलोहारा की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान खैरडीह के पास दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भयानक थी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांवों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





