July 23, 2026

नाबालिग बेटी से बात करने से रोका तो पिता की कर दी हत्या, मुख्य आरोपी समेत 6 गिरफ्तार

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नाबालिग बेटी से बातचीत का विरोध करना एक पिता को जानलेवा साबित हुआ। देवरी थाना क्षेत्र के सम्बलपुर (नाहन्दा) गांव में एक युवक ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर घर में घुसकर पिता पर लाठी-डंडों और लकड़ी के राफ्टर से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

देर रात घर में घुसकर किया जानलेवा हमला

पुलिस के अनुसार, मृतक गौकरण साहू अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान छह आरोपी देर रात घर में घुस आए और उन पर बांस के डंडों व लकड़ी के राफ्टर से सिर, पीठ और कमर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पिता की चीख सुनकर पास में सो रही उनकी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी जाग गई। बेटी के उठने पर घर के भीतर मौजूद चार आरोपी और बाहर निगरानी कर रहे दो अन्य युवक मौके से फरार हो गए।

इलाज के दौरान हुई मौत

परिजनों ने गंभीर रूप से घायल गौकरण साहू को पहले देवरी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़कर जांच तेज कर दी।

बेटी से पूछताछ में खुला हत्या का राज

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की नाबालिग बेटी से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि उसकी भानुप्रताप जैन (18) नामक युवक से बातचीत होती थी। पिता इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहे थे। इसी बात से नाराज होकर भानुप्रताप ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

मुख्य आरोपी समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि पीड़ित की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ दी गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपी:

  • भानुप्रताप जैन (18) – निवासी खपराभाटा (मुख्य आरोपी)
  • नीरज रस्तोगी (18) – टंकी मड़ौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
  • तुषार निर्मलकर (20) – टंकी मड़ौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
  • दिनेश ढीमर (25) – टंकी मड़ौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
  • कुंदन यादव (18) – टंकी मड़ौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
  • दीपेश पटेल (18) – बहेराभाठा, थाना देवरी, जिला बालोद

पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों सहित अन्य साक्ष्य भी जब्त कर लिए गए हैं।