बालोद। जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र में बीती रात किसान के बाड़े में भीषण आग लगने से तीन ट्रैक्टर और एक कार जलकर पूरी तरह राख हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार मामला गुंडरदेही थाना क्षेत्र के खेरुद गांव का है। यहां किसान राजेश यदु के बाड़े में खड़े तीन ट्रैक्टर और एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और सभी वाहन जलकर खाक हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गुंडरदेही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बाड़े में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आग लगने के कारणों की पड़ताल कर रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य वजह से। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।





