बालोद। वन विभाग ने बीती रात बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित लकड़ी का अवैध परिवहन कर रहे तीन ट्रैक्टर और एक माजदा वाहन को जब्त किया है। सभी वाहनों को विधिवत कार्रवाई के बाद दल्लीराजहरा डिपो लाया गया है। मामले में चारों वाहनों के ड्राइवरों को भी पकड़ा गया है।
दो अलग-अलग मार्गों पर की गई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, वन विभाग की टीम ने दल्लीराजहरा वन परिक्षेत्र में कार्रवाई की। ठेमाबुजुर्ग से पचेड़ा मुख्य मार्ग पर लकड़ी से भरे माजदा वाहन को पकड़ा गया। वहीं पटेली से घोठिया मार्ग पर तीन ट्रैक्टरों को लकड़ी का परिवहन करते हुए पकड़ा गया।
बताया जा रहा है कि जब्त किए गए वाहन लकड़ी तस्कर ओमकार और शेखर के बताए जा रहे हैं।
पंचायत के फर्जी लेटरहेड के इस्तेमाल का आरोप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लकड़ियों के परिवहन के लिए पंचायत के कथित फर्जी लेटरहेड का इस्तेमाल किया जा रहा था। वन विभाग ने सभी वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वन विभाग की टीम ने की कार्रवाई
पूरी कार्रवाई में दल्लीराजहरा वन परिक्षेत्र अधिकारी संतोष ठाकुर, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी युगल किशोर सोनबरसा और वन विभाग के गार्ड की अहम भूमिका रही। विभाग अब जब्त लकड़ी और वाहनों से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटा है।





