बालोद। जिले में गांजा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पुरुर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो दोपहिया वाहन से गांजा तस्करी कर रहा था।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, पुरुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति टीवीएस एक्सेल 100 वाहन क्रमांक CG 24 K 0170 से मादक पदार्थ गांजा लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू और उनकी टीम ने मूरपार के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
12 किलो से ज्यादा गांजा बरामद
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 12.100 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 5 हजार रुपये बताई जा रही है।
बालोद से रायपुर ले जा रहा था गांजा
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि नेताम (40 वर्ष) निवासी मनेरीपारा, ग्राम कसेरी बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा को बालोद से रायपुर लेकर जा रहा था।
आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा और तस्करी में इस्तेमाल वाहन जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





