बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गोटूलमुंडाव गांव में प्राथमिक और माध्यमिक शाला के नए भवन की मांग को लेकर पालकों का आक्रोश सामने आया है। गुरुवार को पालकों ने स्कूल में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान स्कूल बंद होने के कारण बच्चे गेट के सामने बैठकर पढ़ाई करते नजर आए।
41 बच्चे कर रहे पढ़ाई
गोटूलमुंडाव गांव के प्राथमिक और माध्यमिक शाला में कुल 41 बच्चे अध्ययनरत हैं। पालकों का आरोप है कि दोनों स्कूल भवन लंबे समय से खराब स्थिति में हैं। भवन की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण बच्चों को अतिरिक्त कमरों में पढ़ाई करनी पड़ रही है।
पालकों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लंबे समय से नए भवन की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

तीन साल पहले तोड़ी गई थी माध्यमिक शाला की छत
जानकारी के मुताबिक, करीब तीन साल पहले माध्यमिक शाला भवन की छत को नए सिरे से बनाने के लिए तोड़ा गया था, लेकिन इसके बाद भवन का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है।
वहीं प्राथमिक शाला का भवन भी जर्जर स्थिति में बताया जा रहा है। पालकों का कहना है कि भवन की समस्या के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे
स्कूल भवन की समस्या को लेकर नाराज पालकों ने गुरुवार को स्कूल में तालाबंदी कर दी। प्रदर्शन के दौरान बच्चे स्कूल के मुख्य गेट के सामने बैठकर पढ़ाई करते रहे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे पालकों से बातचीत की और उनकी मांगों की जानकारी ली। अब पालक नए स्कूल भवन के निर्माण को लेकर ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।





