July 29, 2026

बालोद में सरकारी दफ्तर बना मयखाना, जिला विपणन विभाग के कर्मचारियों का वीडियो वायरल

बालोद। जिले में जिला विपणन विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। सरकारी कार्यालय परिसर में शराब पार्टी किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है।

मामला मालीघोरी धान संग्रहण केंद्र का बताया जा रहा है, जहां पदस्थ दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी तिलेश्वर साहू सहित कुछ लोग कार्यालय के अंदर ही शराब पीते और पार्टी करते नजर आए। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि सरकारी आलमारी में दस्तावेजों की जगह शराब की बोतलें रखी जा रही हैं, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

घटना सामने आने के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की चर्चा तेज हो गई है। अधिकारियों से इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन जिला विपणन अधिकारी टिकेंद्र राठौर ने खुद को छुट्टी पर बताते हुए फोन काट दिया।

फिलहाल पूरा मामला सामने आने के बाद विभाग की कार्यशैली और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।