July 31, 2026

बालोद में हैरान कर देने वाला मामला: तालाब में मृत समझा युवक, पुलिस पहुंची तो अचानक उठकर बैठ गया

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गुण्डरदेही में एक हैरतअंगेज घटना सामने आई है। रामसागर तालाब में एक युवक के डूबने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोग उसे पानी में निश्चल पड़ा देख मृत समझ बैठे, लेकिन जब पुलिस उसे बाहर निकालने के लिए पानी में उतरी तो युवक अचानक उठकर बैठ गया। यह नजारा देखकर मौके पर मौजूद लोग और पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।

डूबने की सूचना से मची अफरा-तफरी

घटना नगर पंचायत गुण्डरदेही के वार्ड क्रमांक-3 स्थित रामसागर तालाब की है। सोमवार को तालाब में एक युवक के लंबे समय तक एक ही स्थान पर पड़े रहने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

युवक को काफी देर तक निश्चल पड़े देख लोगों ने उसके डूबने की आशंका जताई। हालांकि, किसी ने भी पानी में उतरकर उसे बाहर निकालने का साहस नहीं किया और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस पहुंची तो अचानक उठ बैठा युवक

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को बाहर निकालने के लिए तालाब में उतरी। जैसे ही पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, युवक अचानक उठकर बैठ गया। यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।

शराब के नशे में था युवक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की पहचान सूरज ठाकुर, पिता भोला ठाकुर, निवासी गुण्डरदेही के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह शराब के नशे में था।

हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह वास्तव में कितनी देर तक पानी में था, डूब रहा था या नशे की हालत में तालाब में पड़ा हुआ था। इस संबंध में पुलिस की विस्तृत जांच जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक काफी देर तक तालाब में एक ही स्थान पर दिखाई दे रहा था, जिससे लोगों ने उसके डूबने की आशंका जताई थी। पुलिस ने युवक से पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।