बालोद। गुंडरदेही नगर पंचायत अध्यक्ष और भाजपा नेता प्रमोद जैन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वे वार्ड में चल रहे सड़क निर्माण को लेकर सोशल मीडिया इंफ्ल्यूएंसर युवराज तम्बोली के सवालों से नाराज नजर आ रहे हैं। आरोप है कि बातचीत के दौरान अध्यक्ष ने गाली-गलौज करते हुए युवक को जमीन में गाड़ देने की धमकी तक दे दी। वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया इंफ्ल्यूएंसर युवराज तम्बोली ने गुंडरदेही के एक वार्ड में बन रही सड़क को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष से सवाल किया था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। वायरल वीडियो में अध्यक्ष प्रमोद जैन कथित तौर पर गाली-गलौज करते और धमकी देते दिखाई दे रहे हैं। पूरा घटनाक्रम कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
थाने में शिकायत, पुलिस ने जांच का दिया भरोसा
मामले को लेकर युवराज तम्बोली ने गुंडरदेही थाने में शिकायत दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।
बताया जा रहा है कि यह पहला विवाद नहीं है, जब नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन अपने कथित विवादित बयान को लेकर चर्चा में आए हों। इससे पहले भी उन पर एक समाज के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा था, जिसके बाद विरोध का सामना करना पड़ा था।
अध्यक्ष बोले- वीडियो को तोड़-मरोड़कर वायरल किया गया
मामले में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि युवराज तम्बोली लगातार गुंडरदेही के व्यापारियों को परेशान कर पैसों की मांग करता है। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में शिकायत भी की गई है और युवक के खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।
अध्यक्ष ने वायरल वीडियो को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर उनकी एसपी से बातचीत हुई है। फिलहाल वे शहर से बाहर हैं और 27 अगस्त के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष की ओर से प्रेस वार्ता किए जाने की बात कही है।
कांग्रेस ने की कार्रवाई की मांग
वहीं, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि का इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि खुलेआम किसी व्यक्ति को जमीन में गाड़ने की धमकी देना गंभीर मामला है और शासन-प्रशासन को ऐसे मामले में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
फिलहाल वायरल वीडियो और शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही विवाद में आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी।





