बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है, जो खुद को छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव का परिचित बताकर बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देती थी। आरोपी महिला अब तक 7 लोगों से करीब 25 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर चुकी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी लता धीवर (36), पति आकाश धीवर, वार्ड क्रमांक 05 की निवासी है। उसने पीड़ितों को मुख्य सचिव से पहचान होने का दावा करते हुए कृषि विभाग और जिला अस्पताल में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था। हाल ही में तीन लोगों से उसने नौकरी लगाने के नाम पर 5 लाख 50 हजार रुपये लिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं मिलने पर पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच में हुआ बड़ा खुलासा
मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लता धीवर ने अब तक 7 लोगों को अपना शिकार बनाते हुए कुल 25 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि ठगी से हासिल रकम आरोपी ने अपने पास रखने के बजाय एक अन्य व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खाते में ट्रांसफर की थी।
साथी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब उस बैंक खाते के धारक और आरोपी महिला के सहयोगी की तलाश कर रही है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
न्यायिक रिमांड पर भेजी गई आरोपी
पीड़ितों की लिखित शिकायत के आधार पर बालोद पुलिस ने अपराध दर्ज कर लता धीवर को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।





