May 16, 2026

छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का कहर: ट्रैक्टर, बस और कार दुर्घटना में 3 की मौत

बालोद/कवर्धा: छत्तीसगढ़ के बालोद और कवर्धा जिलों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

पहला हादसा बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र के उसरवारा गांव के पास हुआ, जहां मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में फूलचंद धुरू (30 वर्ष) और लोकेश मंडावी (40 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। तीनों युवक पुरूर बाजार से अपने गांव लौट रहे थे। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

दूसरी घटना भी बालोद जिले में सामने आई, जहां दुर्ग से दल्लीराजहरा जा रही पायल ट्रेवल्स की बस स्टेरिंग फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर रेलवे ट्रैक के पास करीब 30 फीट गहरी खाई में गिर गई। बस में 20 से 30 यात्री सवार थे। हादसे में कई यात्री घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना कुसुमकसा और जमही टोल प्लाजा के बीच हुई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

तीसरा हादसा कवर्धा जिले के पोंडी-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130A पर हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में मध्यप्रदेश के डिंडोरी निवासी नरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।