May 13, 2026

बालोद में कुएं में गिरा तेंदुआ, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी; गर्मी से वन्यजीव भी परेशान

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में भीषण गर्मी का असर अब वन्यजीवों पर भी दिखने लगा है। भोजन और पानी की तलाश में भटकता एक तेंदुआ कुएं में गिर गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, यह घटना जगतरा गांव की है, जहां करीब 4 साल का तेंदुआ रात के समय भटकते हुए कुएं में जा गिरा। सुबह जब ग्रामीण पानी भरने पहुंचे तो उन्होंने कुएं के अंदर मोटर पाइप के सहारे लटका हुआ तेंदुआ देखा, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई, जिसके बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लगातार बढ़ रही है, जिससे स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन सतर्कता बरत रहा है।

फिलहाल वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश में जुटी हुई है और पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।