बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के लिमोरा गांव में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने गांव के प्राइमरी, मिडिल और हायर सेकेंडरी स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने समस्या का समाधान नहीं किया।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के तीनों स्कूलों में करीब 200 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन उन्हें पढ़ाने के लिए महज 12 शिक्षक ही पदस्थ हैं। शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है और नियमित कक्षाएं भी नहीं लग पा रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन और शिक्षा विभाग से अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। समस्या का समाधान नहीं होने पर मजबूर होकर ग्रामीणों ने स्कूलों में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
तालाबंदी की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारी पालकों और विद्यार्थियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल ग्रामीण शिक्षकों की पर्याप्त नियुक्ति की मांग पर अड़े हुए हैं।





