May 15, 2026

पागल कुत्ते का आतंक: 4 साल के मासूम पर 17 बार हमला, ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पागल कुत्ते के आतंक से दहशत फैल गई। डौंडी लोहारा थाना क्षेत्र के चिल्हाटीखुर्द गांव में एक कुत्ते ने मवेशियों और राहगीरों पर हमला करने के बाद एक 4 साल के मासूम बच्चे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कुत्ते को पीट-पीटकर मार डाला।

जानकारी के मुताबिक, पागल कुत्ता पहले से ही गांव में लोगों और जानवरों पर हमला कर रहा था। इसी दौरान वह गांव में खेल रहे एक 4 वर्षीय बच्चे पर टूट पड़ा और उसे करीब 17 जगहों पर काट लिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते से उसे छुड़ाया।

गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उसे गहरे जख्म आए हैं।

लगातार हो रहे हमलों से गुस्साए ग्रामीणों ने कुत्ते को पकड़कर पीट-पीटकर मार डाला। ग्रामीणों का कहना है कि कुत्ता पिछले कुछ दिनों से गांव में आतंक मचा रहा था और कई लोगों व मवेशियों को घायल कर चुका था।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाए और आवारा जानवरों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हो सकें।