बालोद। जिले के मलकुवर गांव स्थित प्राथमिक शाला में शिक्षक की कमी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। ग्रामीणों और पालकों ने स्कूल में ताला जड़ दिया और परिसर के सामने टेंट लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) Praveen Chaturvedi और तहसीलदार Devendra Netam मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी। इसके बाद पास के हाई स्कूल नर्राटोला से एक शिक्षक को अस्थायी रूप से मलकुवर स्कूल भेजा गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर स्कूल का ताला खोल दिया।
एक शिक्षक के भरोसे चल रहा स्कूल
ग्रामीणों के अनुसार प्राथमिक शाला में केवल एक ही शिक्षक पदस्थ है, जबकि बच्चों की संख्या 32 है। एक प्रधान पाठक लंबे समय से अस्वस्थ होने के कारण स्कूल नहीं आ पा रहे हैं। ऐसे में पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि एक शिक्षक के भरोसे बच्चों का भविष्य सुरक्षित नहीं किया जा सकता, इसलिए मजबूरी में उन्हें आंदोलन करना पड़ा।
पहले भी हो चुकी है तालाबंदी
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कांडे प्राथमिक शाला में शिक्षक कमी को लेकर तालाबंदी की गई थी, जहां 93 बच्चों पर केवल 2 शिक्षक थे। बाद में प्रशासन ने वहां भी एक शिक्षक की व्यवस्था कर मामला शांत कराया था।
बार-बार उठ रहा शिक्षक व्यवस्था का मुद्दा
गांव में शिक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच ग्रामीणों ने यह भी कहा कि कई स्कूलों में जरूरत से ज्यादा शिक्षक होने और कुछ में भारी कमी होने का मामला बार-बार सामने आता है, जिससे असंतोष बढ़ रहा है।





