बालोद जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के एक गांव में 8 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 50 वर्षीय आरोपी कोतवाल को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद गांव में आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, बालिका अपनी सहेली के साथ गांव में खेल रही थी। इसी दौरान गांव के कोतवाल ने दोनों बच्चियों को अपने पास बुलाया। आरोपी ने पहले बालिका को चॉकलेट लेने के लिए दुकान भेजा और उसके लौटने पर उसकी सहेली को किसी सामान के बहाने वहां से भेज दिया।
आरोप है कि सहेली के जाने के बाद आरोपी ने बालिका को टीवी दिखाने का झांसा देकर अपने घर ले गया। वहां उसने मासूम के साथ दुष्कर्म किया। घर लौटने के बाद बच्ची ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद डौंडीलोहारा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं एवं POCSO Act के तहत कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा पीड़ित बालिका और उसके परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।





