बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में स्थित ग्राम हथौद के मुक्तानंद आश्रम से चंदन के पेड़ों की चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाश रात के अंधेरे में आश्रम परिसर में घुसे और खेत की मेड़ पर लगे पांच चंदन के पेड़ों को काटकर फरार हो गए। चोरी हुए चंदन की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की शिकायत के बाद कोतवाली थाना बालोद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आश्रम परिसर के खेत की मेड़ पर कुल 10 चंदन के पेड़ लगे हुए थे, जिनकी उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है। चोर फेंसिंग के तार काटकर परिसर में दाखिल हुए और मशीन की मदद से करीब 7 से 8 फीट ऊंचे पांच चंदन के पेड़ों को काटकर अपने साथ ले गए।
घटना की जानकारी मिलने पर आश्रम प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि मुक्तानंद आश्रम परिसर से पांच चंदन के पेड़ों की चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। चोरी हुए पेड़ों की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये है। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है।





